खेत बंटवारे के विवाद में हमला: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया

खेत बंटवारे के विवाद में हमला: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया देवरिया। मईल थाना क्षेत्र में कृषि भूमि के बंटवारे को लेकर हुए मारपीट और हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जानकारी के अनुसार, मईल गांव निवासी कृष्ण बुझारत चौधरी और राकेश चौधरी के बीच कृषि भूमि के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। 14 जून को थाना परिसर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। समझौते के बाद पीड़ित पक्ष अपनी भूमि की जुताई कराने पहुंचा था। आरोप है कि जुताई के बाद चेतन चौधरी अपने पिता कृष्ण बुझारत चौधरी और माता के साथ मईल चौराहे के पास एक दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान राकेश चौधरी, विजय बहादुर चौधरी, सुनील सिंह, सुरेंद्र प्रसाद, अभिषेक पांडेय समेत अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियार, ईंट और डंडों से हमला कर कृष्ण बुझारत चौधरी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे चेतन चौधरी और उनकी माता को भी चोटें आईं। पुलिस विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी राकेश चौधरी पुत्र बागेश्वरी चौधरी, निवासी मईल, को गिरफ्तार कर लिया गया। चिकित्सीय परीक्षण के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मईल थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़ित पक्ष ने सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।