देश के टॉप 100 सरकारी बी-स्कूलों में चमका DDU, IIRF रैंकिंग में

देश के टॉप 100 सरकारी बी-स्कूलों में चमका DDU, IIRF रैंकिंग में मिला 75वां स्थान, प्रदेश में 11वें नंबर पर गोरखपुर आज दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर यूनिवर्सिटी ने भारतीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (IIRF)-2026 में बेहतरीन सफलता हासिल की है। यूनिवर्सिटी के बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन विभाग (डीबीए) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के टॉप 100 सरकारी बी-स्कूलों (मैनेजमेंट कॉलेजों) में 75वीं रैंक बनाई है। यह कामयाबी इसलिए बड़ी भी है क्योंकि उत्तर प्रदेश की सिर्फ चार राज्य यूनिवर्सिटी ही इस लिस्ट में जगह बना पाई हैं, जिनमें डीडीयू भी शामिल है। वहीं, उत्तर प्रदेश के स्तर पर यूनिवर्सिटी को 11वां स्थान मिला है। किस आधार पर मिली रैंकिंग इस रैंकिंग को तय करने के लिए कॉलेजों की पढ़ाई की क्वालिटी, छात्रों को मिलने वाली नौकरियां, रिसर्च के काम, छात्रों का प्रोफाइल, कंपनियों में कॉलेज की साख, संस्था का विकास, पूर्व छात्रों (एलुमनाई) का फीडबैक और समाज पर उसके असर जैसे कई जरूरी पैमानों को परखा जाता है। यह रैंकिंग आंकड़ों और लोगों से मिले फीडबैक के आधार पर तय होती है। डीडीयू का स्कोर कार्ड यूनिवर्सिटी ने कुल 1000 अंकों में से 751.42 का शानदार स्कोर हासिल किया है। अलग-अलग पैमानों पर डीडीयू को ये अंक मिले। जिसमें अकादमिक साख के लिए 85.66, छात्रों की डिमांड और प्रोफाइल- 84.10, नौकरी मिलने की संभावना-84.08, रिसर्च के नतीजे-82.10, कंपनियों में साख और ग्लोबल नजरिया-82.99, सुविधाएं और विकास-82.99, साथियों की राय और पूर्व छात्रों का फीडबैक-81.88, असर और वैल्यू एडिशन के लिए 80.77 अंक शामिल हैं। कुलपति ने दी बधाई, राज्यपाल का जताया आभार इस बड़ी सफलता पर खुशी जताते हुए कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने कहा कि यह पूरी यूनिवर्सिटी के शिक्षकों, छात्रों, कर्मचारियों और पूर्व छात्रों की सामूहिक मेहनत का नतीजा है। यह रैंकिंग दिखाती है कि हम अच्छी पढ़ाई, रिसर्च, नए तौर-तरीकों और रोजगार देने वाले कोर्स पर सही काम कर रहे हैं। हमारा विश्वविद्यालय आगे भी विकास के नए रिकॉर्ड बनाने के लिए कोशिश करता रहेगा। कुलपति ने इस मौके पर राज्यपाल और कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए उनका खास आभार जताया, जो राज्य की यूनिवर्सिटीज में क्वालिटी और सुधार के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने सभी को बधाई देते हुए भरोसा जताया कि आने वाले सालों में डीडीयू शिक्षा, रिसर्च और मैनेजमेंट के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।