Bansgaon Sandesh
Login
H
Gorakhpurलगभग १२ घंटे पहले

राम-जानकी मार्ग की बदहाल स्थिति से बढ़ी मुसीबत, बारिश में जलभराव से राहगीरों का निकलना हुआ मुश्किल

राम-जानकी मार्ग की बदहाल स्थिति से बढ़ी मुसीबत, बारिश में जलभराव से राहगीरों का निकलना हुआ मुश्किल

बड़हलगंज।बड़हलगंज कस्बे के जाईपार-कोराडी गांव से होकर गुजरने वाला राम-जानकी मार्ग लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो रहा है। परिणामस्वरूप आए दिन वाहन फंस रहे हैं और दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों ग्रामीण, छात्र-छात्राएं, व्यापारी और सरकारी व निजी कर्मचारी आवागमन करते हैं। खराब सड़क के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालक जलभराव के कारण गड्ढों का अनुमान नहीं लगा पाते और अक्सर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। वहीं ई-रिक्शा, ऑटो और चारपहिया वाहनों को भी इस मार्ग से गुजरने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था को लेकर कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि अधिकारियों की उदासीनता के कारण समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए राम-जानकी मार्ग की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं हुई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

1 likes
0 comments0 shares