18 माह के मासूम ने सांप के बच्चे को चबाया, हालत नाजुक

18 माह के मासूम ने सांप के बच्चे को चबाया, हालत नाजुक देवरिया में हैरान करने वाली घटना: 18 माह के मासूम ने सांप के बच्चे को चबाया, हालत गंभीर देवरिया। जनपद के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के सोपरी बुजुर्ग गांव में एक अजीबोगरीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां 18 माह के एक मासूम बच्चे ने खेलते समय सांप के एक बच्चे को खिलौना समझकर मुंह में डाल लिया और उसे चबा दिया। घटना के बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे गंभीर अवस्था में बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार गांव निवासी जसवंत निषाद का 18 माह का पुत्र पीयूष घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक छोटा सांप का बच्चा रेंगते हुए उसके पास पहुंच गया। मासूम ने अनजाने में उसे खिलौना समझ लिया और हाथ में उठाकर मुंह में डालकर चबाने लगा। परिजनों की नजर जब बच्चे पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। बताया जाता है कि बच्चे द्वारा चबाए जाने से सांप के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि कुछ ही मिनटों बाद मासूम की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। उसके मुंह से झाग निकलने लगा और शरीर में कमजोरी आने लगी। घबराए परिजन तत्काल बच्चे को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। चिकित्सकों की निगरानी में बच्चे का उपचार जारी है। वहीं ग्रामीण इस दुर्लभ घटना को लेकर हैरानी जता रहे हैं। चिकित्सकीय पुष्टि का इंतजार स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चे की स्थिति और शरीर पर पड़े प्रभाव के बारे में स्पष्ट जानकारी चिकित्सकीय जांच के बाद ही सामने आएगी। साथ ही सांप की प्रजाति की आधिकारिक पुष्टि होने के बाद ही यह तय हो सकेगा कि वह कितना विषैला था।