Bansgaon Sandesh
Login
Ved Pandey
Gazipurलगभग १४ घंटे पहले

अमृत सरोवर पर दिखा आस्था का अद्भुत संगम

अमृत सरोवर पर दिखा आस्था का अद्भुत संगम

अमृत सरोवर पर आस्था का अद्भुत संगम, छठी मैया के जयकारों से गूंजा ज़खनिया गोविंद गांव; भक्ति गीतों से सराबोर हुआ शिव मंदिर परिसर जखनिया (गाजीपुर)।लोकआस्था, सूर्य उपासना और सनातन संस्कृति के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर जखनिया क्षेत्र के गोविंद गांव में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिला। गांव स्थित शिव मंदिर के समीप अमृत सरोवर के पोखरे को छठ महापर्व के मद्देनजर ग्राम प्रधान नन्द लाल गुप्ता ने आकर्षक ढंग से सजवाकर श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था कराई थी। रंग-बिरंगी सजावट, स्वच्छ घाट और भक्ति संगीत के सुमधुर स्वरों से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।संध्या बेला में सैकड़ों की संख्या में छठ व्रती महिलाएं, पुरुष एवं श्रद्धालु पारंपरिक पूजन सामग्री से सजे बांस के सूप और दउरे लेकर अमृत सरोवर के घाट पर पहुंचे। अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को जल और दूध से अर्घ्य अर्पित कर व्रतियों ने छठी मैया से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता, संतान की दीर्घायु और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। घाट पर गूंजते छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।इस अवसर पर अमृत सरोवर का दृश्य भारतीय सनातन परंपरा, लोक संस्कृति और सामाजिक एकता का जीवंत प्रतीक बन गया। श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और पवित्रता के साथ सूर्यदेव की आराधना कर लोकमंगल की कामना की। आयोजन में ग्राम प्रधान नन्द लाल गुप्ता की ओर से की गई सजावट और व्यवस्थाओं की सराहना भी की गई।इस मौके पर भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रमोद वर्मा, अशोक गुप्ता, सोनू जायसवाल, धीरज गुप्ता, गोपाल गुप्ता, संतोष कश्यप, इंद्रजीत सिंह अटू, विजय वर्मा, कन्हैया गुप्ता, पिंटू चौरसिया, टिंकू सिंह, राजेश जायसवाल, पुजारी एवं राणा सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

0 likes
0 comments0 shares