संयुक्त बी एड प्रवेश परीक्षा में अभ्यर्थियों की भीड़

भलुअनी। बाँसगाँव संदेश। संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा रविवार को शुरू हुई। क्षेत्र स्थित ज्ञान प्रकाश इण्टर कॉलेज , अभयानंद शिक्षा संस्थान में परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। अभ्यर्थियों को सुबह 8 बजे से परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। प्रवेश के दौरान पहचान पत्र और प्रवेश पत्र का मिलान कर सघन जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में जाने की अनुमति मिली। परीक्षा के कारण स्थानीय कस्बा में शनिवार से ही अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखी गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ जमा होने पर प्रतिबंध लगाया गया है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या नकल की संभावना को रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरों और उड़नदस्तों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है।