सड़क हादसे में महिला की मौत, शव पहुंचते ही ग्रामीणों का प्रदर्शन

सड़क हादसे में महिला की मौत, शव पहुंचते ही ग्रामीणों का प्रदर्शन देवरिया। जिले के बनकटा क्षेत्र में बुधवार शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद जब महिला का शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। जानकारी के अनुसार, यह हादसा रतसिया-रामपुर बुजुर्ग मार्ग पर हुआ। पकड़ी नरहियां गांव निवासी नीतू देवी (32 वर्ष) पत्नी अर्जुन शर्मा अपनी सहेली संगीता देवी एवं अन्य महिलाओं के साथ शाम के समय सड़क किनारे टहल रही थीं। इसी दौरान शिवबालक राम के घर के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में नीतू देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। उन्होंने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए दोषी चालक की गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना में शामिल मोटरसाइकिल चालक की तलाश में जुटी हुई है।