चाकू मारकर युवक की हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

बड़हलगंज।बारात गए युवक की आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर में चाकूबाजी की घटना में हत्या के बाद बड़हलगंज में ग्रामीणों ने हाईवे जामकर विरोध जताया। कोतवाल सुनील कुमार राय के आश्वासन पर ग्रामीणों ने डेढ़ घंटे बाद शव का मुक्तिपथ पर अंतिम संस्कार किया। मंगलवार की रात बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बेलसड़ी गांव निवासी परमानंद निषाद के पुत्र की बारात मंगलवार को आजमगढ़ के जीयनपुर क्षेत्र में गई थी। बारात में मिठाई लाल साहनी का 26 वर्षीय पुत्र अमीरचंद साहनी अपनी साथियों के साथ शामिल हुआ था। जय माल कार्यक्रम के दौरान कूलर की हवा किस दिशा में जाएगी को लेकर दो पक्षों में कहा सुनी हो गई देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और चाकू बाजी होने लगी हमले में अमीरचंद साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई वहीं राजकुमार साहनी अभिलाष साहनी और साहिल यादव भी चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। युवक अमीरचंद साहनी की मौत से बेलसंडी गांव मे सन्नाटा पसरा गया। बुधवार की देर शाम पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार की सुबह 10 बजे शव लेकर ग्रामीण साउखोर मोड़ के पास हाइवे पर रोड जाम कर दिया। जिससे हाइवे की एक लेन पर आवागमन ठप हो गया। जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस को भीड़ को समझाने में पसीने छूट गए। कोतवाल सुनील कुमार राय से मृतक के बड़े भाई मानिकचंद साहनी, उनकी बहन व ग्रामीणों ने हमलावरों का इनकाउंटर करने, मृतक परिवार को असलहे का लाइसेंस देने की मांग रखी। कोतवाल ने उनकी मांगे अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।