सुल्तानपुर में चोरी की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने दो चोरों को दबोचा,
सुल्तानपुर में चोरी की कोशिश नाकाम, ग्रामीणों ने दो चोरों को दबोचा, एक बाइक बरामद, सुल्तानपुर। जनपद के थाना देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बिनोवा पुरी बायपास रोड स्थित नखराही गांव में बीती रात चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे अज्ञात चोरों को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, चोर देर रात राकेश उपाध्याय के घर में चोरी की नीयत से घुसे थे। घर के सेकंड फ्लोर पर संदिग्ध गतिविधियां देख परिजन और ग्रामीण सतर्क हो गए। शोर मचने पर ग्रामीणों ने चोरों का पीछा किया, जिसमें दो चोरों को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। सूचना मिलने पर थाना देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मौके से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP44 BW 1545) भी बरामद हुई है, जिसके संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बाइक आरोपियों की है या किसी अन्य व्यक्ति की। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है तथा पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और चोरी की घटनाओं से जुड़े संभावित नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से चोरी की बड़ी वारदात टल गई। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है, वहीं ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।