*रास्ते के विवाद में मारपीट, हत्या के प्रयास में तीन आरोपी गिरफ्तार*
*रास्ते के विवाद में मारपीट, हत्या के प्रयास में तीन आरोपी गिरफ्तार* *दो पक्षों में लाठी-डंडे चले, कई लोग घायल; पुलिस की त्वरित कार्रवाई* गोरखपुर। थाना सहजनवां क्षेत्र में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट के मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोप में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 की रात करीब 9:30 बजे रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया और दोनों ओर से लाठी-डंडों से जमकर मारपीट हुई। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों को गंभीर चोटें आईं। घटना के संबंध में दोनों पक्षों से मिली तहरीर के आधार पर थाना सहजनवां में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष सहजनवां के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त धर्मेन्द्र उर्फ बब्लू कन्नौजिया, आदित्य कन्नौजिया निवासीगण टिकरियखोर थाना सहजनवां जनपद गोरखपुर तथा सुनील कुमार उर्फ सोनू निवासी अमरहा थाना धर्मसिंघवा जनपद संतकबीर नगर को गिरफ्तार किया। अभियुक्त धर्मेन्द्र उर्फ बब्लू कन्नौजिया और आदित्य कन्नौजिया के विरुद्ध मु0अ0सं0 269/2026 के तहत धारा 115(2), 109, 352, 351(3) भारतीय न्याय संहिता में मुकदमा दर्ज है, जबकि सुनील कुमार उर्फ सोनू के खिलाफ मु0अ0सं0 270/2026 के तहत धारा 109 भा0न्या0सं0 में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के मामलों में सख्ती बरती जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।