Bansgaon Sandesh
Login

राशन वितरण में अनियमितता पर सख्त कार्रवाई, बैदा के उचित दर विक्रेता

राशन वितरण में अनियमितता पर सख्त कार्रवाई, बैदा के उचित दर विक्रेता के निलंबन की संस्तुति देवरिया । बांसगांव सन्देश । जनपद में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत बैदा, विकासखंड एवं तहसील रुद्रपुर के उचित दर विक्रेता बृजराज पाल के विरुद्ध राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत प्राप्त होने पर उप जिलाधिकारी रुद्रपुर ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक एवं नायब तहसीलदार की संयुक्त टीम द्वारा की गई जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में पाया गया कि पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा से कम राशन वितरित किया जा रहा था। अंत्योदय कार्डधारकों को भी निर्धारित 35 किलोग्राम के स्थान पर मात्र 28 से 30 किलोग्राम राशन दिया जा रहा था। इसके अलावा विक्रेता द्वारा उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने तथा लाभार्थियों से पहले अंगूठा लगवाकर तीन से चार दिन बाद राशन वितरित किए जाने की शिकायत भी सही पाई गई। जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद उप जिलाधिकारी रुद्रपुर ने उचित दर विक्रेता बृजराज पाल की दुकान के निलंबन की संस्तुति करते हुए पत्रावली जिलाधिकारी को भेज दी है। जिलाधिकारी की स्वीकृति प्राप्त होते ही विक्रेता के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता, घटतौली अथवा पात्र लाभार्थियों के साथ दुर्व्यवहार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

1 likes
0 comments0 shares