*आंधी में भड़की आग ने मचाई तबाही, सोपाई में दो घर जलकर

*आंधी में भड़की आग ने मचाई तबाही, सोपाई में दो घर जलकर राख* बेलघाट थाना क्षेत्र के सोपाई घाट में बुधवार शाम एक भीषण आग की घटना ने हरिजन बस्ती में भारी तबाही मचा दी। तेज आंधी के दौरान खेतों में लगी आग ने अचानक विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते कुआनो नदी के किनारे बसे गांव तक पहुंच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बंधे के किनारे लगे पेड़-पौधे और झाड़ियां जलती हुई सीधे ग्रामीणों के घरों तक पहुंच गईं। इस दौरान ग्राम सोपाई निवासी रामावती पत्नी स्वर्गीय गौतम और विद्यावती पत्नी निर्मल के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। घर में रखा खाने-पीने का सामान, पंखे, पशुओं का चारा और वर्षों की मेहनत की कमाई कुछ ही मिनटों में खाक हो गई। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आग ने करीब 2 किलोमीटर तक खेतों में खड़ी गेहूं की डंठल, सूखी फसल और बंधे के किनारे की झाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई, लेकिन प्रभावित परिवारों के लिए यह नुकसान किसी बड़ी त्रासदी से कम नहीं है। ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलने पर बेलघाट पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से मदद और मुआवजे की गुहार लगाई है। अब देखना होगा कि प्रशासन की ओर से सहायता कितनी जल्दी और कितनी प्रभावी तरीके से पहुंचती है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब तेज आंधी के साथ आग इतनी तेजी से फैल सकती है, तो क्या ऐसे हालात से निपटने के लिए क्षेत्र में पर्याप्त इंतजाम मौजूद हैं या नहीं?