*सिकरीगंज पुल बना परेशानी का कारण, मरम्मत की धीमी रफ्तार से ग्रामीणों

*सिकरीगंज पुल बना परेशानी का कारण, मरम्मत की धीमी रफ्तार से ग्रामीणों में आक्रोश* राष्ट्रीय रामजानकी मार्ग पर स्थित सिकरीगंज बसवारीगांव पुल इन दिनों स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का सबब बन गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुल का मरम्मत कार्य जारी है, लेकिन इसकी रफ्तार बेहद धीमी होने से आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन ने पुल के मरम्मत कार्य के दौरान कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध नहीं कराया है, जिससे रोजमर्रा के आवागमन में गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही है। यह पुल दो जिलों को जोड़ने वाला एक प्रमुख मार्ग है, जिसके बंद होने से लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है और समय के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कभी प्रशासन द्वारा पुल पर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया जाता है, तो कभी लोग मजबूरी में बैरिकेडिंग तोड़कर रास्ता बना लेते हैं। इससे स्थिति और भी अव्यवस्थित हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जब तक कोई वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध न कराया जाए, तब तक पुल को पूरी तरह बंद न किया जाए और मरम्मत कार्य को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।