आईजीआरएस सत्यापन के दौरान वृद्ध की मौत: तीन पर हत्या का मुकदमा

आईजीआरएस सत्यापन के दौरान वृद्ध की मौत: तीन पर हत्या का मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी के प्रयास तेज रुद्रपुर/देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के पिड़हनी गांव में आईजीआरएस शिकायत के सत्यापन के दौरान हुई वृद्ध की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। जानकारी के अनुसार, मृतक के पुत्र योगेंद्र की तहरीर पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने बैजनाथ, रघुनाथ और राहुल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 302 (हत्या) एवं 506 (आपराधिक धमकी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र राय ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।