Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Kant Singh Hamirpur
Hamirpurलगभग १ घंटा पहले

मिशन शक्ति अभियान में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा व अधिकारों के प्रति किया जागरूक

हमीरपुर। पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक के निर्देशन में मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत जनपद पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के तहत सभी थानों पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भ्रमण किया। इस दौरान महिलाओं को सुरक्षा, सशक्तिकरण और स्वावलंबन से संबंधित जानकारी दी गई। महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर अपराधों से बचाव और महिला सुरक्षा के उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने भारतीय न्याय संहिता एवं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के प्रावधानों की जानकारी दी। इसके साथ ही आत्मरक्षा के उपाय, गुड टच और बैड टच की पहचान, महिलाओं के अधिकारों तथा महिला संबंधी अपराधों से बचाव के बारे में बताया गया। उन्हें बताया गया कि बसों, रास्तों अथवा सार्वजनिक स्थानों पर छेड़खानी या उत्पीड़न की घटना होने पर भयभीत न हों। ऐसी स्थिति में तत्काल वीमेन पावर लाइन 1090 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा नजदीकी थाने में जाकर एफआईआर दर्ज कराएं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम का सावधानीपूर्वक उपयोग करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई। उन्हें स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीमों ने विभिन्न आपातकालीन एवं सहायता हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। इनमें 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 102 एवं 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्डलाइन, 101 अग्निशमन सेवा तथा 1930 साइबर हेल्पलाइन शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति अथवा अपराध की घटना होने पर बिना भय के तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करें।

0 likes
0 comments0 shares