*सिकरीगंज पुलिस का सख्त अभियान: यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, लोगों

*सिकरीगंज पुलिस का सख्त अभियान: यातायात नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, लोगों को दिया जागरूकता संदेश* गोरखपुर जनपद के सिकरीगंज कस्बे में कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए सिकरीगंज पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। थाना अध्यक्ष अंजुल चतुर्वेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कस्बे में सघन गश्त अभियान चलाते हुए सड़क पर उतरकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की। पुलिस की सक्रियता देख नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट बाइक दौड़ाने वाले, तीन सवारी बैठाकर जान जोखिम में डालने वाले तथा सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले वाहन चालकों को रोककर चालान किया गया। वहीं कई वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी गई। पुलिस द्वारा सड़क पर रुक-रुक कर वाहनों की जांच किए जाने से पूरे कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नजर आई। थाना अध्यक्ष अंजुल चतुर्वेदी ने बताया कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा ही पुलिस की प्राथमिकता है और यातायात नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सकती है। सिकरीगंज हल्का प्रभारी उपनिरीक्षक अजीत प्रताप सिंह ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें। सिकरीगंज पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है, वहीं लापरवाही से वाहन चलाने वालों को भी सख्त संदेश मिला है कि नियम तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।