ओबरा में CISF इकाई ने मनाया 57वां स्थापना दिवस

ओबरा में CISF इकाई ने मनाया 57वां स्थापना दिवस भव्य परेड में बल के जवानों ने दिखाया अनुशासन और शौर्य, अतिथियों ने की सराहना ओबरा सोनभद्र । केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) इकाई ओबरा तापीय विद्युत परियोजना (ओटीएचपीपी) द्वारा 57वां स्थापना दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर CISF परेड ग्राउंड, ओबरा में भव्य परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओबरा तापीय विद्युत परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक इंजीनियर राजेंद्र कुमार अग्रवाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में उपजिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी ओबरा अमित कुमार उपस्थित रहे। CISF इकाई ओबरा के जवानों ने कमांडेंट सतीश कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में शानदार परेड का प्रदर्शन किया। परेड का नेतृत्व परेड कमांडर निरीक्षक अग्नि हुपेंद्र कुमार ने किया, जबकि परेड टू कमांडर उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह यादव रहे। इकाई के विभिन्न प्लाटूनों द्वारा प्रस्तुत अनुशासित और आकर्षक परेड की उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजेंद्र कुमार अग्रवाल तथा कमांडेंट सतीश कुमार सिंह ने बताया कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल का गठन 10 मार्च 1969 को रांची में हुए अग्निकांड के बाद भारत सरकार द्वारा मात्र 3129 जवानों के साथ किया गया था। यह बल बढ़कर 220,000 से अधिक जवानों का मजबूत सुरक्षा संगठन बन चुका है। यह उपलब्धि बल के सदस्यों की कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, समर्पण और उत्कृष्ट नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने बताया कि CISF वर्तमान में देश के महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठानों, हवाई अड्डों, बंदरगाहों, परमाणु संयंत्रों, विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा, संसद भवन, दिल्ली मेट्रो सहित कई महत्वपूर्ण संस्थानों की सुरक्षा का दायित्व निभा रहा है। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर निजी संस्थानों को भी सुरक्षा परामर्श उपलब्ध कराता है। देश की अर्थव्यवस्था को सुरक्षित वातावरण में आगे बढ़ाने में CISF महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम में महाप्रबंधक (संचालन) तापीय विद्युत परियोजना ओबरा संजीव कुमार सिंघल, महाप्रबंधक (सिविल) दिवाकर स्वरूप, उप कमांडेंट (अग्नि) प्रसून कुमार सिन्हा, सहायक कमांडेंट आनंद कुमार नारा, सहायक कमांडेंट जी. टोप्पो, तापीय विद्युत परियोजना ओबरा के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, अभियंता ,CISF इकाई ओबरा के अन्य अधिकारी, जवान तथा उनके परिवारजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।