नवोदय प्रवेश परीक्षा का केंद्र दूर होने से अभिभावकों में नाराजगी, 20 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर परीक्षा दिलाने पहुंचे बच्चे

नवोदय प्रवेश परीक्षा का केंद्र दूर होने से अभिभावकों में नाराजगी, 20 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर परीक्षा दिलाने पहुंचे बच्चे सिकरीगंज, गोरखपुर। जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा को लेकर शनिवार सुबह बेलघाट क्षेत्र के भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज पिपरसंडी में परीक्षार्थियों और अभिभावकों की भीड़ जुटी। यहां उरुवा और बेलघाट क्षेत्र के बच्चों का परीक्षा केंद्र बनाया गया था। सुबह से ही अभिभावक अपने बच्चों को लेकर परीक्षा दिलाने पहुंचे। हालांकि, परीक्षा केंद्र की दूरी को लेकर उरुवा क्षेत्र के अभिभावकों में नाराजगी देखने को मिली। अभिभावकों का कहना था कि उरुवा क्षेत्र के बच्चों का परीक्षा केंद्र उरुवा में ही बनाया जाना चाहिए था, ताकि छोटे बच्चों और उनके अभिभावकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उरुवा क्षेत्र के महेश कन्नौजिया, सुभान, शैलेंद्र सिंह, रविश कुमार और मिथिलेश सहित कई अभिभावकों ने बताया कि पिपरसंडी में परीक्षा केंद्र होने के कारण उन्हें 20 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करनी पड़ी। इससे बच्चों को सुबह-सुबह लंबा सफर करना पड़ा, वहीं अभिभावकों को भी आने-जाने में काफी परेशानी हुई। अभिभावकों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की कि भविष्य में नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारित करते समय क्षेत्रवार परीक्षार्थियों की सुविधा और दूरी का विशेष ध्यान रखा जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को परीक्षा देने के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े।