बांसगांव संदेश बरहज हज यात्रियों को मेडिकल स्क्रीनिंग व फिटनेस प्रमाण पत्र
बांसगांव संदेश बरहज हज यात्रियों को मेडिकल स्क्रीनिंग व फिटनेस प्रमाण पत्र 30 सितंबर तक वेबसाइट पर करना होगा अपलोड। देवरिया 17 सितंबर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार मौर्य ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से सर्कुलर-13, दिनांक 15 सितंबर 2026 जारी किया गया है। इसमें हज-2027 के लिए चयनित हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि चयनित हज यात्रियों को प्रथम चरण में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रारूप पर सरकारी चिकित्सा केंद्र में जांच करानी होगी। जांच के बाद एलोपैथिक पद्धति के चिकित्सक से मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र प्राप्त करना होगा। इसके बाद मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र, अग्रिम जमा धनराशि की रसीद तथा अन्य आवश्यक हज प्रपत्र हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर 30 सितंबर 2026 तक अपलोड करना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि एनआरआई (प्रवासी भारतीय) हज यात्रियों के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। ऐसे हज यात्री जिस देश में निवास कर रहे हैं, वहीं के सरकारी चिकित्सालय में मेडिकल स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य जांच कराकर निर्धारित रिपोर्ट वेबसाइट पर अपलोड करेंगे। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन की ओर से प्रदेश के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को हज यात्रियों की मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र जारी करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने हज यात्रियों को सलाह दी है कि प्रथम चरण की मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाण पत्र वेबसाइट पर अपलोड करने के बाद प्रमाण पत्र और जांच रिपोर्ट को सुरक्षित रखें। द्वितीय चरण की मेडिकल जांच के दौरान इन दस्तावेजों को प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।