आईजीआरएस प्रकरण के गुणवत्ताहीन निस्तारण पर बीडीओ लार को डीएम की चेतावनी
आईजीआरएस प्रकरण के गुणवत्ताहीन निस्तारण पर बीडीओ लार को डीएम की चेतावनी देवरिया । बांसगांव सन्देश । खंड विकास अधिकारी, लार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने आईजीआरएस के एक प्रकरण का गुणवत्ताहीन एवं तथ्यों के विपरीत लापरवाहीपूर्ण निस्तारण किए जाने पर कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने निर्देशित किया कि उक्त प्रकरण का वास्तविक रूप से निस्तारण कर तीन दिन के भीतर आख्या उपलब्ध कराई जाए, अन्यथा की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शिकायतकर्ता बरडीहा परशुराम निवासी द्वारा चकरोड को काटकर संकरा किए जाने तथा उसे पुनः बनवाए जाने के संबंध में आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की गई थी। शिकायत के निस्तारण में खंड विकास अधिकारी द्वारा प्रकरण को सीमांकन कराए जाने के अनुरोध के साथ उप जिलाधिकारी को प्रेषित कर दिया गया। जिलाधिकारी ने पाया कि प्रकरण का इस प्रकार निस्तारण करना तथ्यों के अनुरूप नहीं है। लेखपाल के माध्यम से मौके की पैमाइश कराकर चकरोड की स्थिति स्पष्ट करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा सकती थी। इस लापरवाही पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी को नोटिस एवं चेतावनी जारी करते हुए कहा कि इस प्रकार तथ्यहीन एवं गुणवत्ताहीन निस्तारण किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि चकरोड की पैमाइश कराकर नियमानुसार उसे पुनः बनवाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा प्रकरण का वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर तीन दिन के भीतर आख्या उपलब्ध कराई जाए। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।