25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार नंदगंज पुलिस की

25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार नंदगंज पुलिस की कार्रवाई, पैर में गोली लगने के बाद जिला अस्पताल भेजा गया गाजीपुर।नंदगंज थाना पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को 25 हजार रुपये के इनामी वांछित बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।पुलिस के मुताबिक थाना नंदगंज में पंजीकृत मुकदमा संख्या 150/2024 धारा 309(4) बीएनएस से संबंधित वांछित अभियुक्त मोनू यादव पुत्र प्रेम बहादुर उर्फ मुलायम यादव निवासी ग्राम जरासी थाना चंदवक जनपद जौनपुर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। शुक्रवार को थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र मय पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी हाईवे से ग्राम रेवसा जाने वाले लिंक मार्ग पर मौजूद है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया।पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी को तत्काल मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।आरोपी पर कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे,पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पर आजमगढ़, गाजीपुर समेत विभिन्न जनपदों के थानों में चोरी, लूट, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था।