देवरिया में 11 केंद्रों पर प्रवक्ता भर्ती परीक्षाः एक पाली में होगा पेपर
भलुअनी।बांसगांव संदेश। देवरिया जिले में राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 14 जून, रविवार को आयोजित की जाएगी। जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में कुल 4997 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे परीक्षा के दौरान सतर्क निगरानी रखें और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करें। यह परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसमें सामान्य अध्ययन तथा संबंधित वैकल्पिक विषयों से प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिले में बनाए गए परीक्षा केंद्रों में दीनानाथ राजकीय महिला पीजी कॉलेज (सीसी रोड), राजकीय इंटर कॉलेज (कोतवाली रोड), महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज (जलकल रोड), एसएसबीएल इंटर कॉलेज (गोरखपुर रोड), बाबा राघव दास इंटर कॉलेज (न्यू कॉलोनी), जनता इंटर कॉलेज (रामपुर कारखाना), अशोक इंटर कॉलेज (डुमरी), जनता इंटर कॉलेज (सोनूघाट), लाला करमचंद थापर इंटर कॉलेज (बैतालपुर), महाराजा अग्रसेन बालिका इंटर कॉलेज (गरुणपार) तथा राजकीय पॉलिटेक्निक (गोरखपुर रोड) शामिल हैं। प्रशासन ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को समय पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और अभ्यर्थियों को कोई असुविधा न होने देने के निर्देश दिए हैं। वहीं, अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और अपने प्रवेश पत्र तथा पहचान पत्र साथ लाएं।