गौरकोठी में दूसरी बार चोरी की कोशिश, ग्रामीणों की सतर्कता से पंपिंग
गौरकोठी में दूसरी बार चोरी की कोशिश, ग्रामीणों की सतर्कता से पंपिंग सेट बचा बरियारपुर । बांसगांव सन्देश । देवरिया । बरियारपुर थाना क्षेत्र के गौरकोठी गांव में पंपिंग सेट चोरी का प्रयास ग्रामीणों की सतर्कता के चलते विफल हो गया। चोर बोरिंग से पंपिंग सेट और सेक्शन पाइप निकालकर करीब दो किलोमीटर दूर तक ले गए, लेकिन सुबह ग्रामीणों की आवाजाही बढ़ने पर मशीन को सड़क किनारे झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, किसानों ने फसल की सिंचाई के लिए खेत में पंपिंग सेट लगाया था। बुधवार देर रात चोरों ने बोरिंग से पंपिंग सेट और सेक्शन पाइप निकाल लिया। गुरुवार तड़के ग्रामीण खेतों की ओर जाने लगे तो चोर घबरा गए और मशीन को झाड़ियों में छिपाकर मौके से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही मशीन मालिक और ग्रामीणों ने आसपास तलाश शुरू की। कुछ देर बाद गांव से बाहर सड़क किनारे झाड़ियों में पंपिंग सेट बरामद हो गया, जिससे किसान ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले सोमवार रात भी गौरकोठी के भगड़ा टोला निवासी अलाउद्दीन अंसारी तथा गौरकोठी निवासी विनय शर्मा के खेतों से सेक्शन पाइप काटकर चोरी करने का असफल प्रयास किया गया था। लगातार हो रही चोरी की कोशिशों से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखने और चोरी के प्रयासों में शामिल आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।