पिपरौली में जियो, एयरटेल और वीआई के नेटवर्क से उपभोक्ता परेशान, रिचार्ज पूरा फिर भी सेवा अधूरी

पिपरौली। बांसगांव संदेश। डिजिटल इंडिया के दौर में पिपरौली क्षेत्र के उपभोक्ता मोबाइल नेटवर्क की बदहाली से जूझ रहे हैं। जियो, एयरटेल और वीआई जैसी टेलीकॉम कंपनियों की सेवाओं पर सवाल उठाते हुए स्थानीय लोगों ने नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि नेटवर्क गायब होने, कॉल बीच में कटने और इंटरनेट की धीमी गति से जरूरी कामकाज प्रभावित हो रहा है। रिचार्ज कराने के बावजूद बेहतर सुविधा नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी है। जावेद, राशिद, कामरान, इकरार, सुशील, गुरुचरण, दिनेश और राहुल समेत अन्य उपभोक्ताओं ने कहा कि मोबाइल आज पढ़ाई, कारोबार, ऑनलाइन भुगतान और जरूरी सूचनाओं का प्रमुख माध्यम है। ऐसे में नेटवर्क की समस्या से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने संबंधित कंपनियों के अधिकारियों से नेटवर्क व्यवस्था की जांच कराकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। जांच का मिला आश्वासन - जियो कंपनी के टीएसएम आशीष शर्मा ने बताया कि नेटवर्क की समस्या की जानकारी मिली है। नेटवर्क सेंटर को सूचना दे दी गई है। उन्होंने अगले दिन यूकेडी पहुंचकर स्थिति की जांच करने और समस्या के समाधान का प्रयास करने का आश्वासन दिया। अब उपभोक्ताओं को नेटवर्क व्यवस्था में सुधार का इंतजार है।