मंदिर परिसर में चलती बाइक में लगी आग, एसडीएम की सूझबूझ से

मंदिर परिसर में चलती बाइक में लगी आग, एसडीएम की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा रुद्रपुर। दुग्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक श्रद्धालु की चलती बाइक में अचानक आग लग गई। घटना के दौरान बाइक सवार घबराकर वाहन से कूद गया और मौके से दूर हट गया। मंदिर परिसर में मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर मेले के निरीक्षण पर निकले एसडीएम अविनाश निगम ने बाइक में आग लगती देख तुरंत स्थिति को संभाला। उन्होंने पास की दुकान से बोरा मंगवाकर आग बुझाने का प्रयास किया।जबकि स्थानीय लोगों ने भी पानी डालकर आग पर काबू पाने में सहयोग किया। अधिकारियों और लोगों की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया। जिससे बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि बाइक की बैटरी में तकनीकी खराबी के कारण आग लगी थी। घटना उस समय हुई जब मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी। अधिक मास के अवसर पर दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में चल रहे मेले के कारण क्षेत्र में काफी संख्या में लोग जुटे हुए हैं। घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने मेले में अग्नि सुरक्षा के मद्देनजर दुकानदारों को बाल्टी, पानी और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही मंदिर के मुख्य मार्ग और प्रवेश द्वार के आसपास वाहनों के खड़े होने पर रोक लगाने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। एसडीएम की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ की स्थानीय लोगों ने सराहना की। उनकी सक्रियता से मंदिर परिसर में संभावित बड़े नुकसान और जनहानि की आशंका टल गई।