आम रास्ते पर टीनशेड लगाकर किया अवरुद्ध, पीड़िता ने कोतवाली में दी
आम रास्ते पर टीनशेड लगाकर किया अवरुद्ध, पीड़िता ने कोतवाली में दी तहरीर (सुल्तानपुर) कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला दरियापुर मकान नं. 653 निवासी फूलपती पत्नी महाराजदीन ने आम रास्ते को जबरन अवरुद्ध करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली नगर में प्रार्थना पत्र दिया है। प्रार्थिनी का आरोप है कि उसके घर तक आने-जाने के लिए एक इंटरलॉकिंग रास्ता है। उक्त रास्ते में विपक्षी जगदीश यादव पुत्र तेजबहादुर यादव द्वारा शौचालय बनवाना शुरू किया गया था। इस पर प्रार्थिनी ने अवैध अतिक्रमण हटवाने के लिए अपर उप जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय में धारा 133 जा.फौ. के तहत वाद प्रस्तुत किया है। उक्त वाद में कोतवाली नगर से आख्या भी आ चुकी है और मुकदमा विचाराधीन है, जिसमें आगामी 16 सितंबर तारीख नियत है। आरोप है कि विपक्षी ने दो सितंबर को जबरन दबंगई से विवादित रास्ते में चद्दर लगाकर रास्ता पूरी तरह से अवरुद्ध कर दिया है। उपरोक्त निर्माण विपक्षी द्वारा दौरान मुकदमा किया गया है। पीड़िता ने पुलिस से मांग की है कि आम रास्ते में लगाई गई टीन की चद्दर को हटवाकर रास्ता खुलवाया जाए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।