Bansgaon Sandesh
Login

नियमित टीकाकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: जिलाधिकारी कम प्रगति वाले प्रभारी चिकित्सा

नियमित टीकाकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: जिलाधिकारी कम प्रगति वाले प्रभारी चिकित्सा

नियमित टीकाकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: जिलाधिकारी कम प्रगति वाले प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश, ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर देवरिया । जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने नियमित टीकाकरण की अपेक्षाकृत कम प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कम प्रगति वाले सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को सचेत करने के साथ ही वेतन रोकने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों के नियमित टीकाकरण में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को नियमित टीकाकरण की प्रगति में सुधार लाने तथा पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर टीकाकरण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत प्रशासकों से भी टीकाकरण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि टीकाकरण बच्चों के जीवन और स्वास्थ्य से सीधे जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसमें सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ग्राम पंचायत प्रशासकों को टीकाकरण के महत्व और शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने के संबंध में अपील पत्र भी भेजे जाएं, ताकि ग्राम पंचायत स्तर पर लोगों को जागरूक कर टीकाकरण अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।

1 likes
0 comments0 shares