Bansgaon Sandesh
Login

जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह के संज्ञान के बाद हरकत में आया मेडिकल कॉलेज

जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह के संज्ञान के बाद हरकत में आया मेडिकल कॉलेज

जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह के संज्ञान के बाद हरकत में आया मेडिकल कॉलेज प्रशासन, दंत विभाग की मशीन चालू लंबे समय से खराब कुर्सी और मशीन से मरीज थे परेशान, अब मिलने लगी दंत चिकित्सा की सुविधा, सुल्तानपुर। राजकीय स्वशासी मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर के दंत विभाग में लंबे समय से खराब पड़ी दंत चिकित्सा कुर्सी और मशीन का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया। जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद मेडिकल कॉलेज के उच्चाधिकारियों ने उपकरणों को दुरुस्त कराने की प्रक्रिया शुरू की, जिसके बाद दंत विभाग में मशीन चालू हो गई और मरीजों को दंत चिकित्सा की सुविधा मिलने लगी। गौरतलब है कि दंत विभाग में कुर्सी और मशीन खराब होने के कारण इलाज के लिए आने वाले मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। उपकरणों की मरम्मत नहीं होने से सरकारी अस्पताल में दंत चिकित्सा की सुविधाएं प्रभावित हो रही थीं। आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को इलाज के लिए निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा था, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की आशंका थी। बताया जा रहा है कि विभागीय स्तर पर खराब उपकरणों की जानकारी उच्चाधिकारियों को कई बार दी गई थी। इसके बावजूद मरम्मत में देरी हो रही थी। मामला संज्ञान में आने के बाद जिलाधिकारी ने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन सक्रिय हुआ। अब मशीन चालू होने से दंत विभाग में इलाज की सुविधा बहाल हो गई है। इससे सरकारी अस्पताल में दंत चिकित्सा के लिए पहुंचने वाले मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, मरीजों को नियमित और निर्बाध उपचार मिलता रहे, इसके लिए उपकरणों का सुचारु संचालन और समय पर रखरखाव जरूरी है।

0 likes
0 comments0 shares