संदिग्ध परिस्थितियों में छात्रा की मौत, अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने

संदिग्ध परिस्थितियों में छात्रा की मौत, अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा बेलघाट (गोरखपुर)। बेलघाट थाना क्षेत्र के ब्रम्हसारी गांव में गुरुवार को 16 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बेलघाट पुलिस मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मृतका की पहचान निशा साहनी (16 वर्ष) पुत्री शिवप्रसाद साहनी निवासी ग्राम ब्रम्हसारी के रूप में हुई है। वह गांव के एक विद्यालय में कक्षा 10 की छात्रा थी। छात्रा की मौत की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार सुबह किसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ था। इस दौरान छात्रा के साथ मारपीट होने की भी चर्चा है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। विवाद के कुछ समय बाद ही छात्रा की मौत की सूचना सामने आई, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, घटना के समय मृतका के पिता शिवप्रसाद साहनी घर पर मौजूद नहीं थे। वह गन्ना पेराई मशीन (क्रशर) पर काम करने के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही वह तत्काल घर पहुंचे, जहां बेटी की मौत की खबर सुनकर उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं मृतका की मां तीजा देवी भी घटना के समय घर पर नहीं थीं। बताया जा रहा है कि वह भैंस चराने के लिए गांव के बाहर गई हुई थीं। घर लौटने पर बेटी की मौत की जानकारी मिलते ही वह बदहवास हो गईं और शव के पास बैठकर विलाप करने लगीं। परिजनों और ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। बताया जा रहा है कि जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक शव को फंदे से नीचे उतारा जा चुका था और परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटे हुए थे। सूचना मिलने पर बेलघाट पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का कहना है कि निशा की मौत गिर जाने के कारण हुई है, जबकि ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। ऐसे में मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। बेलघाट पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।