स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों को बीच अधोमानक एवं गुणवत्ताहीन लड्डुओं के वितरण
स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों को बीच अधोमानक एवं गुणवत्ताहीन लड्डुओं के वितरण को लेकर प्रशासन सख्त सुलतानपुर। व्यापारियों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से मेहमान रेस्टोरेंट में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी निर्भय नारायण सिन्हा ने की, जबकि संचालन खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप यादव ने किया। कार्यक्रम में मौजूद व्यापारियों को आगामी 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बाजार में बिकने वाले लड्डुओं की गुणवत्ता को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को अवगत कराया कि कुछ स्कूल प्रबंधक जानबूझ कर सस्ती लड्डू खरीदने के चक्कर में उसके क्वालिटी को नजरंदाज करते हुए अपने यहां के बच्चों को अधोमानक लड्डू बांटते हैं। जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। इस दौरान स्कूल प्रबंधन से भी अपेक्षा की गई कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों में बच्चों को वितरित करने के लिए अधोमानक, गुणवत्ताहीन अथवा संदिग्ध सामग्री से तैयार लड्डुओं की खरीद न करें। मिठाई की खरीद केवल विश्वसनीय एवं प्रतिष्ठित विक्रेताओं से करने तथा खरीद की रसीद अवश्य प्राप्त करने की सलाह दी गई।