विकास एकेडमी में नन्हे-मुन्नों की देशभक्ति ने मोहा मन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा परिसर

घघसरा/गोरखपुर। नगर पंचायत घघसरा बाजार स्थित विकास एकेडमी में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नाटक, भाषण और मनमोहक नृत्य ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुति देखकर अभिभावकों एवं अतिथियों ने उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के प्रबंधक विकास श्रीवास्तव ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे लिए केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि बच्चों को अपने देश के इतिहास और महान स्वतंत्रता सेनानियों से प्रेरणा लेकर ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम के साथ आगे बढ़ना चाहिए। आज के बच्चे ही देश के भविष्य के निर्माता हैं, इसलिए उनमें शिक्षा के साथ संस्कार और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना जरूरी है। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह के अंत में बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना रहा।