*पानी की टंकी पर दो बेटियों संग चढ़ी महिला, मचा हड़कंप* *जमीन
*पानी की टंकी पर दो बेटियों संग चढ़ी महिला, मचा हड़कंप* *जमीन कब्जे व धमकी के आरोप, कार्रवाई न होने से उठाया कदम* गोरखपुर। सहजनवां तहसील क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव की निवासी कृष्ण कांति सिंह पत्नी राहुल सिंह रविवार को अपनी दो पुत्रियों—बसुंधरा सिंह और आंशी सिंह—को साथ लेकर पुराने कलेक्ट्रेट स्थित सदर तहसील के पीछे बनी पानी की टंकी पर चढ़ गईं। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर कैंट पुलिस व आवासीय परिसर में मौजूद अधिकारियों कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों को सुरक्षित नीचे उतारा। महिला का आरोप है कि गांव के कुछ दबंग उनकी जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन सहजनवां थाना और सहजनवा तहसील प्रशासन शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसी से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर पहले भी पीड़ित पक्ष द्वारा शिकायत की जा चुकी है। कृष्णकांती सिंह ने बताया हमारे पति राहुल सिंह पुत्र बेचू सिंह ने थाना सहजनवां में प्रार्थना दिया था कि मुस्तफाबाद स्थित आराजी संख्या 394 (रकबा 6.6530 हेक्टेयर) भूमि उनके हिस्से में है। राजस्व अभिलेखों की जांच व सहायक चकबंदी अधिकारी (एसीओ) की रिपोर्ट में भी यह स्पष्ट हो चुका है कि उक्त भूमि के खातेदार सत्येन्द्र प्रताप सिंह, राहुल सिंह व बटुकेश्वर सिंह हैं, जबकि विपक्षी पक्ष का नाम अभिलेखों में दर्ज नहीं है। शिकायत के अनुसार लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद कब्जा मिलने के बावजूद विपक्षी लगातार गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इस संबंध में 03 जुलाई 2026 को थाने में प्रार्थना पत्र भी दिया गया, जिसकी जांच उपनिरीक्षक रमेश यादव को सौंपी गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। मामला जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ कोस्तुभ तक पहुंचने पर प्रशासन हरकत में आया। सहजनवा तहसील व थाना सहजनवां को निर्देश दिए गए हैं कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दो दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित करें। साथ ही पीड़ित परिवार की सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया है।