Bansgaon Sandesh
Login
Anup Singh Rudrapur
Deoria८ मिनट पहले

*रास्ते की बदहाली से परेशान बच्चों ने लगाई डीएम से गुहार, बोले-

*रास्ते की बदहाली से परेशान बच्चों ने लगाई डीएम से गुहार, बोले- साहब रास्ता बनवा दीजिए, स्कूल जाने में होती है दिक्कत* रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर नगर पंचायत के मल्लाहटोली वार्ड में कृष्णा आइसक्रीम फैक्ट्री के पास से संतोष सिंह के मकान तक सड़क निर्माण अधूरा होने के कारण स्थानीय लोगों को पिछले करीब चार महीने से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रास्ते पर कीचड़ और जलभराव जैसी स्थिति के चलते स्कूल जाने वाले बच्चों के साथ बुजुर्गों, दिव्यांगों, शिक्षकों और मोहल्ले के अन्य लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय बच्चों ने जिलाधिकारी देवरिया से गुहार लगाते हुए कहा, "साहब, हमारा रास्ता बनवा दीजिए। स्कूल जाते समय कीचड़ से कपड़े खराब हो जाते हैं और रास्ते में गिरने का डर बना रहता है।" स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से बारिश के दौरान रास्ते की स्थिति और खराब हो जाती है। कीचड़ के कारण पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। लोगों का कहना है कि रास्ते से गुजरते समय बच्चे और अन्य राहगीर कई बार फिसलकर गिर चुके हैं। दिव्यांग लोगों के लिए भी यह रास्ता परेशानी का कारण बना हुआ है। उन्हें घर से बाहर निकलने के लिए कई बार दूसरों का सहारा लेना पड़ता है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी से कई बार शिकायत की जा चुकी है। आरोप है कि हर बार करीब 10 दिन में सड़क बन जाने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन करीब चार महीने बीत जाने के बाद भी समस्या बनी हुई है। वार्ड निवासी मनीष पांडेय, पप्पू शुक्ला, संजय, गुड्डू शुक्ला, हर्ष, राजन, गौरव, पिंटू, राजू, प्रदीप, सनी और राममिलन समेत अन्य लोगों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अधूरे निर्माण कार्य के कारण आम जनता को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति देखने और निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है। अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है कि करीब चार महीने से बदहाल पड़े इस रास्ते का निर्माण कब तक पूरा होता है और स्थानीय लोगों को आवागमन की समस्या से कब राहत मिलती है।

1 likes
0 comments2 shares