ग्रीन चौपाल का हुआ आयोजन, किया गया पौधा रोपण । मदरिया ।

ग्रीन चौपाल का हुआ आयोजन, किया गया पौधा रोपण । मदरिया । ------ जूनियर हाईस्कूल परसा उर्फ अगिलगहवा में पांच पौधे रोपकर लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प.... पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जूनियर हाईस्कूल परसा उर्फ अगिलगहवा में ग्रीन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पांच पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में वन विभाग के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पौधारोपण के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरा-भरा वातावरण तैयार करने का आह्वान किया गया। वन दरोगा विनय कुमार गौड़ ने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति की अनमोल धरोहर हैं। इनका संरक्षण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है। जब गांव के लोग पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आएंगे, तभी पौधारोपण अभियान का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़कर पौधे लगाएं और उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का संकल्प लें। ग्रीन चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए हरियाली बढ़ाने और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में वन दरोगा विनय कुमार गौड़, वन कांस्टेबल अरविंद, वृक्षारोपण सहकर्मी मुन्नीलाल, वन दरोगा आदि वनकर्मियों के साथ प्रधान प्रतिनिधि जाकिर हुसैन, सेक्रेटरी रविंद्र गौड़, ग्राम रोजगार सेवक आशीष मिश्रा तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक सूर्य प्रताप राय सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।