रिपोर्टर आदित्य कुमार। महाशिवरात्रि पर डीहा गंगा घाट पर उमड़ा श्रद्धा का

रिपोर्टर आदित्य कुमार। महाशिवरात्रि पर डीहा गंगा घाट पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, महिलाओं ने उठाई चेंजिंग रूम की मांग भीरपुर क्षेत्र स्थित डीहा गंगा घाट पर महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाते नजर आए। स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने प्राचीन डीहा महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजता रहा। श्रद्धालु व्रत रखकर रात्रि जागरण की तैयारी में भी जुटे रहे। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार यह मंदिर अत्यंत प्राचीन है और क्षेत्रवासियों की गहरी आस्था इससे जुड़ी हुई है। दूर-दूर से लोग यहां गंगा स्नान कर भगवान शिव के दर्शन के लिए पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर करछना थाना प्रभारी अनूप सरोज पुलिस बल के साथ नाव से गंगा क्षेत्र में भ्रमण कर स्थिति का जायजा लेते रहे। प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण के प्रयास किए गए, जिससे स्नान और दर्शन की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। हालांकि, स्नान के बाद महिलाओं के लिए कपड़े बदलने की समुचित व्यवस्था न होने से उन्हें काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। स्थानीय महिलाओं—फूल काली, गड्डी, सुशीला, प्रियंका, विजयलक्ष्मी, जानवी, नंदिनी, आरुषि, पूजा देवी आदि—ने बताया कि घाट पर चेंजिंग रूम की अत्यंत आवश्यकता है। उनका कहना है कि यदि स्थायी चेंजिंग रूम नहीं बनाया जा सकता तो कम से कम अस्थायी पर्दे या घेराबंदी की व्यवस्था कराई जाए, ताकि महिलाओं को स्नान के बाद परेशानी न हो। श्रद्धालुओं ने जिला पंचायत सदस्य एवं ग्राम प्रधान से घाट पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। इसके बावजूद श्रद्धालु पूरे श्रद्धा भाव से मां गंगा में स्नान कर भगवान शिव के दर्शन करते हुए भाव-विभोर नजर आए। गौरतलब है कि महाशिवरात्रि हिंदू धर्म का एक महत्वपूर्ण पर्व है, जो फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को मनाया जाता है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। इस पावन रात्रि में भगवान शिव की विशेष पूजा, अभिषेक और जागरण का विशेष महत्व माना जाता है।