बाल सुधार गृह का जिला जज और एसपी ने किया औचक निरीक्षण, किशोरों से पूछी समस्याएं

बाल सुधार गृह का जिला जज और एसपी ने किया औचक निरीक्षण, किशोरों से पूछी समस्याएं सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और खानपान का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश गाजीपुर, 20 नवंबर। जनपद में किशोर अपचारियों की सुरक्षा, सुविधाओं और व्यवस्थाओं को परखने के उद्देश्य से शुक्रवार को माननीय जिला जज एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने राजकीय संप्रेषण गृह किशोर (बाल सुधार गृह) का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से परिसर में मौजूद कर्मचारियों में सक्रियता दिखाई दी। निरीक्षण के दौरान जिला जज और पुलिस अधीक्षक ने बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान बैरकों की सघन तलाशी ली गई तथा पूरे परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने वहां रह रहे किशोरों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याओं, रहन-सहन तथा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों से किशोरों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि बाल सुधार गृह में सुरक्षा एवं निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वहां रह रहे किशोरों के स्वास्थ्य, खानपान और दैनिक आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए। जिला जज एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किशोरों के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी देखभाल और सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बांसगांव संदेश