बैंक खातों से कथित धन निकासी का मामला पहुंचा डीएम के दरबार, महिलाओं ने निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

https://youtu.be/yj1_unzvz68?si=JaLyymiEyeEoUyM0 रुद्रपुर क्षेत्र की महिलाओं ने कहा—बैंक रिकॉर्ड की जांच से सामने आएगी सच्चाई, शिकायतों और दबाव की भी हो जांच देवरिया। रुद्रपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सरहस बह समुदा निवासी दुलारी देवी पत्नी रंजीत प्रसाद ने बैंक खातों एवं संगठन की धनराशि से जुड़े कथित लेन-देन की निष्पक्ष जांच कराने की मांग को लेकर जिलाधिकारी देवरिया को प्रार्थना पत्र दिया है। प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि प्रार्थिनी एवं संगठन से जुड़ी कुछ महिलाओं के बैंक खातों/संगठन की धनराशि के संबंध में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ महिलाओं द्वारा संबंधित व्यक्तियों से मिलीभगत कर बैंक से धनराशि निकाले जाने की आशंका है। हालांकि प्रार्थिनी ने पूरे मामले को जांच का विषय बताते हुए बैंक अभिलेखों के आधार पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट कराने की मांग की है। शिकायत के अनुसार, जब प्रार्थिनी और अन्य महिलाओं ने कथित धन निकासी पर आपत्ति जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की तो उनके विरुद्ध धरना-प्रदर्शन और मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल सहित जिला प्रशासन के समक्ष शिकायतें किए जाने की बात सामने आई। महिलाओं का कहना है कि इससे उन पर मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दबाव बन रहा है। प्रार्थिनी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि किसी सक्षम अधिकारी की अध्यक्षता में जांच समिति गठित कर बैंक खातों, बैंक स्टेटमेंट, धनराशि की निकासी, संबंधित अभिलेखों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कराई जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि कथित निकासी नियमों के तहत हुई है या उसमें किसी प्रकार की अनियमितता हुई है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि यदि जांच में वित्तीय अनियमितता प्रमाणित होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। वहीं, यदि निकासी वैध पाई जाती है तो जांच के माध्यम से वास्तविक स्थिति स्पष्ट की जाए। महिलाओं ने अपने विरुद्ध की जा रही शिकायतों एवं धरना-प्रदर्शन के जरिए कथित दबाव की भी जांच कराने और दोष सिद्ध होने पर ही कार्रवाई किए जाने की मांग की है। फिलहाल मामले में बैंक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।