पीजी ग्लोबल एकेडमी में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस

घघसरा। नगर पंचायत घघसरा बाजार स्थित पीजी ग्लोबल एकेडमी जसुलीपार में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. प्रभाकर बर्धन राज ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नृत्य, नाटक, भाषण सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा परिसर गूंज उठा। प्रबंधक डॉ. प्रभाकर बर्धन राज ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश के वीर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है। हमें अपने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के साथ ही शिक्षा, अनुशासन और संस्कारों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उन्हें अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक होकर आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।