ज्येष्ठ मास के आठवें बड़े मंगल पर तेनुहारी में भक्ति की बही
ज्येष्ठ मास के आठवें बड़े मंगल पर तेनुहारी में भक्ति की बही गंगा, सुंदरकांड पाठ व भंडारे में उमड़ा जनसैलाब सहजनवा, गोरखपुर। सहजनवा क्षेत्र के ग्राम तेनुहारी (शुक्ल) स्थित हनुमान मंदिर परिसर में ज्येष्ठ मास के आठवें बड़े मंगल के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंगलवार को आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिससे पूरा गांव भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 11 बजे से सुप्रसिद्ध कथा वाचक श्री विद्याधर महाराज द्वारा सुंदरकांड पाठ से हुआ। उन्होंने भगवान श्रीराम और हनुमान जी की महिमा का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा और भक्ति का संदेश दिया। सुंदरकांड पाठ के दौरान पूरा वातावरण जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद राजेश पांडेय (संतकबीर नगर) एवं उनकी भजन मंडली ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों की मधुर प्रस्तुति पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे और पूरा गांव भक्ति रस में डूब गया। शाम 4 बजे से शुरू हुए विशाल प्रसाद वितरण एवं भंडारे में आसपास के गांवों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया और सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर मोतीलाल तिवारी, बृजेश शुक्ला, बजरंगी शुक्ला, विजेंद्र यादव, अजय शुक्ला, गब्बर शुक्ला, गोपाल शुक्ला, जय प्रसाद चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि बड़े मंगल के अवसर पर हर वर्ष इस प्रकार के धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे समाज में धार्मिक चेतना, भाईचारा और सामाजिक एकता को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर समस्त ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं ने हर्ष व्यक्त किया और बजरंगबली से क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।