गांधी जयंती पर न्यायालय परिसर में संगोष्ठी, पॉक्सो कानून को लेकर निकली

गांधी जयंती पर न्यायालय परिसर में संगोष्ठी, पॉक्सो कानून को लेकर निकली प्रभात फेरी जनपद न्यायाधीश जय प्रकाश यादव ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन गाजीपुर, 2 अक्टूबर। महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जनपद न्यायालय गाजीपुर के दसकक्षीय सभागार में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः आठ बजे जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जय प्रकाश यादव ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर पॉक्सो अधिनियम-2012 के प्रावधानों एवं कानूनी परिणामों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रभात फेरी निकाली गई। जनपद न्यायाधीश जय प्रकाश यादव ने न्यायालय के गेट संख्या-01 से हरी झंडी दिखाकर प्रभात फेरी को रवाना किया। इसमें आदर्श इंटर कॉलेज महुआबाग के छात्र, अधिवक्तागण एवं पराविधिक स्वयंसेवकों ने भाग लिया।संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जनपद न्यायाधीश ने महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि गांधीजी ने स्वतंत्रता आंदोलन को एकजुट दिशा प्रदान की। उन्होंने उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह-प्रथम, नोडल अधिकारी लोक अदालत ने कहा कि देश की आजादी में महात्मा गांधी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने समाज को स्वच्छता, सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया, जिसमें समाज और देश की प्रगति निहित है।सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज गोंड ने गांधी एवं शास्त्री के योगदान और उनकी शिक्षाओं को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने जनहित में दोनों महापुरुषों द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी भी दी।इस दौरान सिविल बार एसोसिएशन गाजीपुर के पदाधिकारी राजेंद्र विक्रम सिंह, अंजनी कुमार ठाकुर, वरिष्ठ अधिवक्तागण एवं शासकीय अधिवक्ता कृपाशंकर राय ने भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और योगदान पर अपने विचार रखे।कार्यक्रम में पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण संजय हरी शुक्ला, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय शैलोज चंद्र, विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी पीए एक्ट अभिमन्यु सिंह, एडीजे श्वेता वर्मा, स्पेशल जज ईसी एक्ट संजय के लाल, एडीजे/त्वरित न्यायालय विजय कुमार-चतुर्थ, सिविल जज (सीडी) अमित कुमार-द्वितीय सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण, तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी तथा सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे।अंत में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीरज गोंड ने सभी न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों एवं सुरक्षाकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।