ग्राम पंचायत नेवास की प्रधान नीशु त्रिपाठी को मिला विशेष सम्मान

घघसरा गोरखपुर। पाली ब्लॉक अंतर्गत अपने-अपने ग्राम पंचायतों में उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं गांव के समग्र विकास में सराहनीय योगदान देने वाले ग्राम प्रधानों को 4 फरवरी को सम्मानित किया गया। यह भव्य सम्मान समारोह होटल अरुशान ग्रैंड, सिविल लाइंस, गोरखपुर में आयोजित हुआ। अमर उजाला, माथुर गोल्ड लोन एवं सेब लोन कंपनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में श्रेष्ठ कार्य करने वाले प्रधानों को “श्रेष्ठ प्रधान” की उपाधि प्रदान कर प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि पंचायती राज उपनिदेशक हिमांशु शेखर ठाकुर रहे, जिनके करकमलों द्वारा सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत नेवास की प्रधान नीशु त्रिपाठी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। ग्राम पंचायत नेवास में स्वच्छता, विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। पाली ब्लॉक से मनोज कुमार (ग्राम पंचायत कोदरी), जय गोविंद निषाद (ग्राम पंचायत टिकरिया) और राजमति देवी (ग्राम पंचायत टड़वा कला) को भी उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अमर उजाला के पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।