Bansgaon Sandesh
Login
T
Lucknowलगभग १ घंटा पहले

गोरखपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भव्य शुभारंभ, तिरंगा लहराते हुए

गोरखपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भव्य शुभारंभ, तिरंगा लहराते हुए

गोरखपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का भव्य शुभारंभ, तिरंगा लहराते हुए निकले सीएम योगी गोरखपुर। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सोमवार को गोरखपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगर निगम स्थित लक्ष्मी बाई पार्क से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में शहर के हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए स्कूली बच्चे, युवा, महिलाएं और विभिन्न वर्गों के लोग देशभक्ति के रंग में नजर आए। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर माल्यार्पण कर की। इसके बाद उन्होंने महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और महाराणा प्रताप के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्रनायकों को श्रद्धांजलि दी। देशभक्ति गीतों और ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा लक्ष्मी बाई पार्क से काली मंदिर, गोलघर होते हुए रेलवे स्टेशन तक करीब तीन किलोमीटर चली। यात्रा के दौरान सड़क के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी। जगह-जगह लोगों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और तिरंगा यात्रा पर पुष्प वर्षा कर अपना उत्साह जताया। यात्रा में स्कूली बच्चों और युवाओं का विशेष उत्साह देखने को मिला। हर तरफ तिरंगा ही तिरंगा नजर आया। नगर निगम, गोलघर और रेलवे स्टेशन क्षेत्र देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और समर्पण की भावना का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर तिरंगा फहराकर अभियान को सफल बनाने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने की अपील की। तिरंगा यात्रा में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने सहभागिता की। यात्रा के दौरान कुल 16 स्थानों पर विभिन्न संगठनों की ओर से स्वागत किया गया। चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा भव्य तिरंगा यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। यात्रा मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा और वरिष्ठ अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे। एडीजी जोन, डीआईजी, मंडलायुक्त, डीएम, एसएसपी, नगर आयुक्त, जीडीए उपाध्यक्ष, सीडीओ, एसपी सिटी, एसपी नार्थ, एडीएम सिटी, सीआरओ, एडीएम प्रशासन, अपर नगर आयुक्त, एसडीएम सदर और तहसीलदार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था में जुटे रहे। गैर जनपदों से आए पुलिस अधिकारियों और जवानों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। गोरखपुर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के इस भव्य आगाज ने शहर को पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग दिया। तिरंगा यात्रा के दौरान उमड़ा जनसैलाब और लोगों का उत्साह आने वाले दिनों में अभियान के व्यापक रूप लेने का संकेत देता नजर आया।

0 likes
0 comments0 shares