लखनऊ के फैजुल्लागंज में बाढ़ जैसे हालात, 3 लाख लोग प्रभावित; 3KM

लखनऊ के फैजुल्लागंज में बाढ़ जैसे हालात, 3 लाख लोग प्रभावित; 3KM पानी में पैदल ले जानी पड़ रही अर्थी *लखनऊ।* राजधानी के फैजुल्लागंज का पूरा इलाका जलमग्न हो गया है। बीते 8 दिनों से गोमती नदी का पानी इलाके में भरा हुआ है और दिन-ब-दिन पानी बढ़ता ही जा रहा है। आलम ये है कि करीब 40 हजार से ज्यादा घर डूबे हुए हैं और लगभग 3 लाख लोग इस बाढ़ से प्रभावित हैं। करीब 10 हजार लोग घर छोड़कर पलायन करने को मजबूर हो गए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक जो लोग घरों में ही रुके हैं, उनके बच्चे और मवेशी भूखे-प्यासे हैं। पीने के पानी तक की किल्लत है। गलियों के आवारा कुत्ते भी छतों पर चढ़ गए हैं। सबसे दर्दनाक तस्वीर तब सामने आती है जब किसी की मौत परिजनों को अर्थी को 3 किलोमीटर तक घुटने भर पानी में पैदल लेकर जाना पड़ रहा है। शनिवार को दैनिक भास्कर की टीम जब ग्राउंड जीरो पर पहुंची तो हर तरफ सिर्फ पानी ही पानी नजर आया। जमीन कहीं दिख ही नहीं रही थी। ज्यादातर घरों में ताले लटके हैं। लोग अपने घरों का सामान और मवेशियों के बच्चों को कंधे पर लेकर निकलते दिखे। *रामनगर कॉलोनी सुनसान:* फैजुल्लागंज की रामनगर कॉलोनी की सभी गलियां जलमग्न हैं। लोग घरों में ताला लगाकर बाहर निकल गए हैं, जिससे पूरी कॉलोनी वीरान हो गई है। चारों तरफ सिर्फ पानी ही नजर आ रहा है।