2027 की तैयारी में जुटी सपा, पीडीए कार्यकर्ता महासम्मेलन में कार्यकर्ताओं को

2027 की तैयारी में जुटी सपा, पीडीए कार्यकर्ता महासम्मेलन में कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर; जखनियां से स्थानीय प्रत्याशी की मांग भी उठी जखनियां, गाजीपुर। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने संगठन को सक्रिय करने की कवायद तेज कर दी है। गुरुवार को तहसील जखनियां क्षेत्र स्थित राजीव गांधी इंटर कॉलेज के प्रांगण में समाजवादी पीडीए कार्यकर्ता महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। महासम्मेलन में सेक्टर प्रभारी, ब्लॉक अध्यक्ष, जोन प्रभारी, पीडीए संयोजक समेत विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन के पदाधिकारियों से संवाद कर आगामी चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों और जमीनी स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान विभिन्न पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। वहीं पूर्व विधायक त्रिवेणी राम सहित पार्टी नेताओं ने श्यामलाल पाल को माला, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सरकार की नीतियों और कथनी-करनी में अंतर का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को मजबूती से रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही आगामी चुनाव में सफलता का आधार बनेगी। कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ गांव-गांव और बूथ स्तर तक सक्रिय रहने का संदेश दिया। जखनियां से स्थानीय प्रत्याशी की मांग उठी महासम्मेलन के दौरान 373 विधानसभा जखनियां से आगामी चुनाव में टिकट की दावेदारी को लेकर भी नेताओं ने अपनी बात रखी। पूर्व विधायक स्वर्गीय छेदी राम के पोत्र विनीत कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष कहा कि प्रत्याशी कोई भी हो, पार्टी कार्यकर्ता उसका स्वागत करेंगे और उसके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चुनाव में काम करेंगे। हालांकि उन्होंने पार्टी नेतृत्व से आग्रह किया कि जखनियां विधानसभा क्षेत्र का प्रत्याशी स्थानीय ही होना चाहिए। इस बात का उपस्थित कार्यकर्ताओं ने जोरदार समर्थन किया।वहीं जखनियां विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक त्रिवेणी राम और पूर्व प्रमुख गरीब राम ने भी संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने और अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।सदर विधायक जयकिशन साहू ने भी अपने संबोधन में प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए विभिन्न मुद्दों को उठाया। जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव ने सरकार की नीतियों और कथित नाकामियों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच अपनी बात रखी। स्वागत के दौरान मंच पर कुछ देर दिखी गहमागहमी कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष के मंच पर पहुंचने के बाद स्वागत को लेकर कुछ समय के लिए गहमागहमी का माहौल भी देखने को मिला। बताया गया कि कुछ वरिष्ठ नेताओं का नाम विलंब से लिए जाने तथा स्वागत के क्रम को लेकर मंच पर मौजूद नेताओं के बीच कहासुनी की स्थिति बन गई। कुछ देर के लिए माहौल गर्म रहा। हालांकि मंच से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हो गया और कार्यक्रम आगे सुचारु रूप से चलता रहा।महासम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष अवधेश यादव उर्फ राजू, वीरेंद्र यादव, रामप्रवेश गुप्ता, शंभू यादव, गरीब राम, वजीर भारती, पूर्व अध्यक्ष रामधारी यादव, आजाद कनौजिया, रामलखन यादव, कमलेश यादव उर्फ भानु, धर्मदेव यादव, रंगीला यादव, ओपी यादव, आशीष चक्रवर्ती, सोनू, आजाद राज, संजय कनौजिया, सिकंदर कनौजिया, डॉ. खालिद, चंदन यादव, शाहिद समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।कार्यक्रम का संचालन मजदूर किसान सभा के महासचिव जमुना यादव ने किया। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं की भारी उपस्थिति से सपा ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जखनियां क्षेत्र में अपनी सक्रियता का संदेश देने का प्रयास किया।