11 मई को भारत माता व बाबा साहब भीमराव अंबेडकर मूर्ति का अनावरण होगा

बड़हलगंज क्षेत्र के खड़ेसरी स्थित मानव शिक्षा सेवा संस्थान में आगामी 11 मई को भारत माता एवं बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं का भव्य अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में संस्थान के प्रबंधक आलोक गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम सामाजिक समरसता, राष्ट्रभक्ति और शिक्षा के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। आलोक गुप्ता ने जानकारी दी कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सुभासपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव डॉ. अरविंद राजभर उपस्थित रहेंगे, जो विधिवत रूप से प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम में कई विशिष्ट अतिथियों के भी शामिल होने की संभावना है, जिनसे आयोजन की गरिमा और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि भारत माता की प्रतिमा जहां देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है, वहीं बाबा भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा सामाजिक न्याय, समानता और संविधान के प्रति सम्मान का संदेश देती है। इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को इन महान आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम को लेकर संस्थान परिसर में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। परिसर की सजावट, मंच व्यवस्था, अतिथियों के स्वागत तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने के लिए संस्थान के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। क्षेत्र में इस कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। आलोक गुप्ता ने सभी क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं और समाज में एक सकारात्मक संदेश देने में सहयोग करें।