बेलघाट पुलिस को बड़ी सफलता, हत्या के मामले में वांछित पांच अभियुक्त

बेलघाट पुलिस को बड़ी सफलता, हत्या के मामले में वांछित पांच अभियुक्त गिरफ्तार बेलघाट, गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के कुशल निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन में बेलघाट पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के मामले में वांछित चल रहे पांच अभियुक्तों को पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना बेलघाट में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 148/2026, धारा 190/191(2)/352/103(1), 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज हत्या के मामले में वांछित अभियुक्तों की तलाश लगातार की जा रही थी। इसी क्रम में दिनांक 14 जून 2026 को शाम लगभग 6:50 बजे बेलघाट पुलिस टीम ने गोरारंगज से सिधौरा बांध जाने वाले मार्ग पर स्थित सोपाई घाट के पास दबिश देकर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में विवेक पुत्र कैलाश (31 वर्ष), राजू पुत्र कैलाश (20 वर्ष), संजय पुत्र कैलाश (39 वर्ष), मुकेश पुत्र किन्नू (31 वर्ष) तथा बिंदु उर्फ सुमित कुमार पुत्र संजय (20 वर्ष) निवासी ग्राम जैती, थाना बेलघाट, जनपद गोरखपुर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर मृतक रमेश की हत्या में प्रयुक्त बांस का टुकड़ा (भंडा) भी बरामद किया गया है। बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हत्या जैसे गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार यादव, उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार यादव, कांस्टेबल ओम प्रकाश सिंह, कांस्टेबल समीर यादव तथा महिला कांस्टेबल गुड़िया वर्मा शामिल रहीं। इस सफल कार्रवाई पर स्थानीय लोगों ने बेलघाट पुलिस की सराहना करते हुए अपराध नियंत्रण की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम बताया है।