सुमेरपुर ब्लॉक में भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय बजट का किया स्वागत

सुमेरपुर/हमीरपुर। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा 1 फरवरी को प्रस्तुत केंद्रीय बजट के अवसर पर सुमेरपुर ब्लॉक परिसर में बजट का वीडियो प्रसारण सामूहिक रूप से देखा गया। इस कार्यक्रम में सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति, ब्लॉक प्रमुख जय नारायण सिंह यादव सहित भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। बजट प्रसारण के पश्चात उपस्थित भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मिठाइयाँ बांटकर बजट का स्वागत किया और प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर बजट को देश के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। मीडिया द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर में सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति ने कहा कि इस बजट से आम जनमानस को बड़ा लाभ मिलने वाला है। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि इस बजट में स्वास्थ्य विभाग पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे आने वाले समय में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार देखने को मिलेगा। हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक ने बताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद मेडिकल कॉलेज की स्थापना की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता पहले कार्य करना है, प्रचार बाद में किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।