खड़े ट्रक से टकराई एंबुलेंस, चालक की मौत

खड़े ट्रक से टकराई एंबुलेंस, चालक की मौत कबरई से मरीज छोड़कर कानपुर लौटते समय हुआ हादसा सुमेरपुर, हमीरपुर। कबरई की ओर से मरीज को छोड़कर कानपुर लौट रही निजी एंबुलेंस गुरुवार तड़के फैक्ट्री एरिया पुलिस चौकी के सामने हाईवे पर खड़े सीज ट्रक से टकरा गई। हादसे में एंबुलेंस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान सदर अस्पताल में उसकी मौत हो गई। कानपुर देहात के राजपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरा निवासी नागेश (35) पुत्र शिवशंकर निजी एंबुलेंस चालक था। बुधवार रात वह कानपुर से मरीज को लेकर कबरई क्षेत्र के एक गांव गया था। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे मरीज को छोड़कर वापस कानपुर लौटते समय उद्योग नगरी में पुलिस चौकी के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस अनियंत्रित होकर हाईवे पर खड़े सीज ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक उसमें फंस गया। धमाके की आवाज सुनकर फैक्ट्री एरिया चौकी प्रभारी अंकित बैसला पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और चालक को एंबुलेंस से बाहर निकलवाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दी। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर सिकंदरा रवाना हो गए।