कुआनो नदी में कूदा 30 वर्षीय युवक, तलाश में जुटी पुलिस और

कुआनो नदी में कूदा 30 वर्षीय युवक, तलाश में जुटी पुलिस और ग्रामीण मछली पकड़ रहे लोगों ने युवक को नदी में कूदते देखा, तीन बेटियों का पिता है सोनू गौड़; देर तक जारी रही तलाश सिकरीगंज/गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के डेहराटीकर गांव निवासी 30 वर्षीय सोनू गौड़ पुत्र राम कवल के कुआनो नदी में कूदने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और सिकरीगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक की तलाश शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, सोनू गौड़ दिल्ली में पेंट-पॉलिश का काम करता था। वह तीन बेटियों सुप्रिया, गुनगुन और लक्ष्मी का पिता है। बताया जा रहा है कि गांव के समीप पश्चिम दिशा में स्थित कुआनो नदी में कुछ लोग मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सोनू को नदी में कूदते हुए देखा। लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही सिकरीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। नदी में युवक के कूदने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था और कुआनो नदी में उसकी तलाश जारी थी।