Bansgaon Sandesh
Login
Krishna Prakash Pandey
Gorakhpurलगभग ३ घंटे पहले

गुरुजनों के चरण छूते ही छलक उठीं आंखें, धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस समारोह

गुरुजनों के चरण छूते ही छलक उठीं आंखें, धूमधाम से मनाया गया शिक्षक दिवस समारोह

घघसरा। नगर पंचायत घघसरा बाजार स्थित विकास एकेडमी में शनिवार को शिक्षक दिवस धूमधाम और भावुक माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम में गुरु-शिष्य परंपरा की जीवंत झलक देखने को मिली। समारोह का शुभारंभ महान शिक्षाविद् एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के हाथों से केक कटवाया और उन्हें अपने हाथों से केक खिलाकर शिक्षक दिवस की बधाई दी। शिष्यों ने गुरुजनों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। इस भावुक क्षण को देखकर कई शिक्षकों की आंखें नम हो गईं। गुरु और शिष्यों के बीच आत्मीयता का यह दृश्य समारोह का मुख्य आकर्षण रहा। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। बच्चों ने गीत, कविता एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु के महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। विद्यार्थियों के बीच फल एवं मिष्ठान भी वितरित किया गया। विद्यालय के प्रबंधक विकास श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके चरित्र, संस्कार और व्यक्तित्व का निर्माण भी करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों का सदैव सम्मान करने और उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। समारोह ने गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को और मजबूत किया।

0 likes
0 comments0 shares